बाउन्ड्रीवाल गिराने और मारपीट का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के सुहगिया शंकरपुर निवासी शिवपूजन पुत्र रामनाथ ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर जबरन कब्जा करने की कोशिश, बाउन्ड्रीवाल गिराने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने पुलिस पर भी उचित कार्रवाई न करने और दबाव में मनमाने तरीके से एफआईआर दर्ज करने का आरोप लगाया है।
सोमवार को दिए गए शिकायती पत्र में शिवपूजन ने बताया कि 4 अप्रैल को गांव के ही रूष्मा पत्नी हरिविजय और राम प्रसाद पुत्र रामदास उनकी आबादी की जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर उनकी पत्नी संजू के साथ मारपीट की गई।
पीड़ित के अनुसार, घटना की सूचना जब उन्होंने थाने में दी तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें भगा दिया। आरोप है कि उसी दिन शाम को आरोपी धारदार हथियार लेकर उनके घर पहुंच गए और उनके करीब 11 वर्षीय पुत्र अभिषेक के साथ भी मारपीट की।
शिवपूजन ने बताया कि 5 अप्रैल को आरोपियों ने उनकी बाउन्ड्रीवाल गिरा दी, जिसका वीडियो भी उनके पास मौजूद है। इसके बावजूद पुलिस ने उनकी तहरीर के अनुसार कार्रवाई न करते हुए हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और एक ऐसे व्यक्ति को आरोपी बना दिया जो मौके पर मौजूद ही नहीं था।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उपलब्ध वीडियो साक्ष्य के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए नया मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी जमीन और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
