महादेवा गौशाला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सांसद जगदंबिका पाल ने की गौसेवा कार्यों की सराहना
बस्ती। जनपद बस्ती के महादेवा क्षेत्र के मझौवा जगत स्थित गौशाला में बुधवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद Jagdambika Pal उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में समाजसेवी गुड्डू मौर्या की प्रमुख भूमिका रही। अपने संबोधन में सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि गुड्डू मौर्या मुंबई में निवास करने के बावजूद गौसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय हैं। उनके सहयोग से गौशाला में गायों के लिए पंखे, स्वच्छ पेयजल, भूसा मशीन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई हैं। साथ ही छाया के लिए पेड़-पौधों का रोपण भी कराया गया है।
उन्होंने बताया कि गौवंश के चारे की व्यवस्था हेतु गुड्डू मौर्या के पिताजी द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि में हरा चारा उगाया जा रहा है, जबकि स्वयं गुड्डू मौर्या ने लगभग डेढ़ बीघा भूमि में चारा बोया है। इसके अतिरिक्त अन्य गौशालाओं से भी गायों को लाकर यहां उनकी संख्या बढ़ाई जा रही है। सांसद ने कहा कि सिद्धार्थनगर की एक गौशाला को प्रतिमाह ₹30,000 की आर्थिक सहायता देना उनके सेवा भाव का प्रमाण है।
मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने बताया कि शिविर के माध्यम से लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने भी आयोजन की सराहना की।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजीत प्रताप सिंह ने किया, जबकि आभार ज्ञापन समाजसेवी गुड्डू मौर्या ने किया।
इस अवसर पर आयोजक सोमनाथ मौर्य, जगन्नाथ मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र पांडे, सच्चिदानंद पांडे, दिनेश पाल, नरेंद्र सिंह, अमन सिंह, आर.सी. गुप्ता, विजय पांडे, उमेश श्रीवास्तव, हरीश चौहान, ग्राम प्रधान संजय कुमार (बबलू), सुभाष चौधरी, महसिन, बृज नारायण सिंह, गौकरण, बालचंद शुक्ल, मनीष भट्ट, राजन पाल, बबलू शुक्ला, विश्वनाथ मौर्य, शिवकुमार पाल, दीपक गौड़ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

