लिटिल फ्लावर्स स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई गांधी जयंती
वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर रखे प्रभावशाली विचार.......
बस्ती। 01 अक्टूबर 2026: गुरुवार को गांधी जयंती के अवसर पर लिटिल फ्लावर्स स्कूल में विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं आत्मविश्वास को विकसित करने के उद्देश्य से अंतर-हाउस वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रमुख सिद्धांतों सत्य एवं अहिंसा से प्रेरित रहे। विभिन्न हाउसों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग करते हुए अपने विचारों को प्रभावशाली एवं तर्कपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह एवं प्रधानाचार्य श्रीमती अपर्णा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में एपीएन पीजी कॉलेज बस्ती की असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमती सरिता तथा किसान इंटर कॉलेज प्रवक्ता एवं एनसीसी ऑफिसर कैप्टन जितेंद्र कुमार शाही,
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सरिता व कैप्टन जितेंद्र कुमार शाही ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन,आत्म
विश्वास एवं स्वस्थ विचार-विमर्श की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने विचारों को स्पष्ट एवं तार्किक ढंग से प्रस्तुत करने का अभ्यास विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने तथा सत्य और अहिंसा जैसे जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए “संघर्षों को सुलझाने का सबसे प्रभावी तरीका अहिंसा है” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें नेहरू हाउस से अग्रिमा एवं श्रेयांश, गांधी हाउस से दिव्यांशी एवं समृद्धि, विवेकानंद हाउस से हर्षिता एवं दिशा तथा टैगोर हाउस से अभय मिश्रा एवं प्रियांशी ने प्रतिभाग किया।
सभी प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष-विपक्ष में अपने विचारों को प्रभावशाली, स्पष्ट एवं तर्कपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नेहरू हाउस के अग्रिमा एवं श्रेयांश ने कक्षा 9 की वाद-विवाद प्रतियोगिता में विजेता का स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए “व्यक्तिगत हानि उठानी पड़े तब भी सत्य को हमेशा प्राथमिकता दी जानी चाहिए” विषय निर्धारित किया गया था। प्रतियोगिता में नेहरू हाउस से साक्षी अग्रहरि एवं शगुन दीप, गांधी हाउस से मोहम्मद साहिल एवं अदिति श्रीवास्तव, विवेकानंद हाउस से अर्पित पाल एवं साक्षी शुक्ला तथा टैगोर हाउस से अराध्या पांडेय एवं अंशिका सिंह ने प्रतिभाग किया।
प्रतिभागियों ने अपने विचारों को प्रभावशाली एवं तार्किक तरीके से प्रस्तुत करते हुए विषय की गहराई को सामने रखा। विवेकानंद हाउस के अर्पित पाल एवं साक्षी शुक्ला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 11 की प्रतियोगिता में विजेता का स्थान हासिल किया।
विजेता विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने सराहना की तथा उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों का मार्गदर्शन, समन्वय एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहा।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, शांतिपूर्ण संवाद, तार्किक चिंतन और लोकतांत्रिक विचार-विमर्श जैसे मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई।

