स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिलेगा बड़ा लाभ, बिलिंग होगी पारदर्शी : राजेन्द्र कुमार वर्मा
बस्ती, 17 अप्रैल। अधीक्षण अभियन्ता विद्युत राजेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने से विद्युत उपभोक्ताओं को अनेक सुविधाएं मिलेंगी। इससे उपभोक्ता अपने बिजली बिल और खपत की जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेंगे तथा बिलिंग व्यवस्था अधिक पारदर्शी होगी।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को अनुमानित बिल की समस्या से राहत मिल रही है। यह मीटर बिजली की खपत को रियल टाइम में रिकॉर्ड करता है, जिससे बिल पूरी तरह सही बनता है।
उन्होंने बताया कि बस्ती जनपद में लगभग 90 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से करीब 75 प्रतिशत उपभोक्ता समय से बिजली बिल जमा कर रहे हैं।
राजेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल बकाया होने की स्थिति में छुट्टी के दिन, त्योहारों पर तथा शाम 6 बजे से सुबह 8 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं को छोटे-छोटे कार्यों के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड उपभोक्ताओं को सरल और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार जनहित में कार्य कर रहा है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता मोबाइल ऐप पर अपनी खपत, बिल और भुगतान संबंधी पूरी जानकारी देख सकते हैं, जो समय-समय पर अपडेट होती रहती है।
उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग का हमेशा प्रयास रहता है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य रूप से अरुण सिंह, सुधांशु श्रीवास्तव, शुभम पांडेय, पराग भारद्वाज, तसनीम अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

