प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चला स्वच्छता अभियान......
राना दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुआ आयोजन, पूजा-पाठ कर प्रधानमंत्री के सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना......
बस्ती ( नगर )। 17 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत पौराणिक श्री दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान में मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई।
इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नगर पंचायत को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने का संदेश दिया गया। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में विधिवत पूजा-पाठ का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुखी, समृद्ध एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आचार्य पंडित रमेश मिश्र ने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद नगर पंचायत के सभी वाहनों एवं चालकों को तिलक लगाकर मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम में सभासद राजेश पाण्डेय, मोहंती दूबे, अखिलेश गुप्ता, राकेश पाण्डेय, देवेंद्र पाण्डेय, संजय पांडे, श्रुति अग्रहरि, आलोक सिंह, नवीन सिंह, मनीष दुबे, शिवम कसौधन, घनश्याम यादव, राजन यादव, मानस पांडे, आदित्य प्रकाश सिंह, राधा, राजकुमारी, सोनी, सरोज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

