Basti news: उपेक्षित सड़क का शुरू हुआ निर्माण कार्य नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया निरीक्षण

Purvanchal Junctionnews
0

वार्ड नं.02 संतपुर मिश्रौलिया में 20 साल से उपेक्षित सड़क का शुरू हुआ निर्माण, नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया निरीक्षण..... 


बस्ती। 08 सितंबर 2026: नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-2 संतपुर मिश्रौलिया में लंबे समय से उपेक्षित सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अंकुर वर्मा एवं सभासद राजन ठाकुर के साथ निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने बताया कि संतपुर मिश्रौलिया क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर विकास मंत्री से सड़क निर्माण के लिए आग्रह किया गया। इसके बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली और अब निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।उन्होंने बताया कि यह सड़क पचपेड़िया रोड से मिश्रौलिया को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है। लंबे समय से जर्जर एवं उपेक्षित होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। 
भाजपा के वरिष्ठ नेता अंकुर वर्मा ने कहा कि संतपुर मिश्रौलिया की यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। क्षेत्र के लोगों की लगातार मांग को देखते हुए सड़क निर्माण शुरू होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराया जाना चाहिए।।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी। निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता अर्पित निगम, नीतेश राय, आलोक पाण्डेय, कृष्ण मोहन शर्मा, अमिताभ मिश्र, मो. अख्तर, वृजमोहन शर्मा, आनन्द राठौर, आशुतोष सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default