Basti news: चिकित्सा सेवा व विशाल भंडारे का होगा आयोजन

Purvanchal Junctionnews
0

कांवड़िया शिवभक्तों की सेवा के लिए हिंदू युवा वाहिनी ने कसी कमर....

चिकित्सा सेवा व विशाल भंडारे का होगा आयोजन...




बस्ती। 07 अगस्त 2026
: हिंदू युवा वाहिनी जनपद बस्ती इकाई की बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पदाधिकारियों ने विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कांवड़िया शिवभक्तों की सेवा के लिए चिकित्सीय सेवा उपलब्ध कराने तथा विशाल भंडारे का आयोजन करने का निर्णय लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री विनय सिंह ने समस्त कांवड़िया भक्तों से अपील की कि वे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ अयोध्या से पवित्र जल लेकर अपने संकल्पित शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालु रास्ते में विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी यात्रा पूरी करें।

विनय सिंह ने कांवड़ियों को अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने सभी शिवभक्तों से आपसी सौहार्द, शांति और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और संकल्प की यात्रा है। इसलिए प्रत्येक शिवभक्त अपने मन, वचन और कर्म की पवित्रता बनाए रखते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करे। संगठन की ओर से शिवभक्तों की सुविधा के लिए चिकित्सा सेवा और भंडारे की व्यवस्था को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी।

बैठक में मुख्य रूप से जिला महामंत्री कन्हैया लाल, रवि सिंह, यशवंत सिंह, अवधेश मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, प्रमोद सिंह, प्रमोद पांडेय, सूरज मिश्रा, सोनू सिंह, दीपक सिंह, राकेश सिंह, पंकज चौधरी, उमेश कनौजिया, बबलू सिंह, विनोद पांडेय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default