स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, जनभागीदारी से भव्य होगा राष्ट्रीय पर्व: कीर्ति प्रकाश भारती
बस्ती। 05 अगस्त 2026: आगामी 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य रूप में मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय पर्व को परंपरागत, उत्साहपूर्ण एवं जनभागीदारी के साथ मनाने पर सहमति बनी। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सामूहिक फोटोग्राफ भी खिंचवाया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का पर्व है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की सुबह 8 बजे जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। आयोजन स्थलों एवं प्रतिमा स्थलों की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए नगर पालिका, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा ग्राम पंचायतों के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों, नागरिक संगठनों एवं विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा तिरंगा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वहीं शिक्षण संस्थानों में आजादी के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर हिमांशु कुमार, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, एसीएमओ डॉ. ए.के. चौधरी, एलडीएम आर.एन. मौर्य, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, डीपीआरओ घनश्याम सागर, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, प्रधानाचार्य जीआईसी डॉ. विजय वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में डॉ. वी.के. वर्मा, सरदार जगवीर सिंह, स्कन्द शुक्ला, अनुराग श्रीवास्तव, जीशान हैदर रिजवी, के.के. उपाध्याय, किशोरी लाल, आशुतोष नारायण मिश्र, चन्द्रप्रकाश शर्मा, महेन्द्र तिवारी, वी.के. तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।

