Basti news:अग्निवीर नरेन्द्र कुमार यादव के घर पहुंचकर मनीष मिश्रा ने किया आर्थिक सहयोग, नौकरी और आवास निर्माण का दिया आश्वासन

Purvanchal Junctionnews
0

अग्निवीर नरेन्द्र कुमार यादव के घर पहुंचकर मनीष मिश्रा ने किया आर्थिक सहयोग, नौकरी और आवास निर्माण का दिया आश्वासन..... 

बस्ती। 08 जुलाई। नगर पंचायत मुण्डेरवा क्षेत्र के वीर सपूत अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव के सर्वोच्च बलिदान को नमन करने के लिए पहल सोशल वेलफेयर एण्ड एजूकेशनल सोसायटी के संस्थापक मनीष मिश्रा उनके पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने शहीद अग्निवीर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। पूरा राष्ट्र उनके प्रति सदैव ऋणी रहेगा।




मनीष मिश्रा ने दिवंगत अग्निवीर नरेन्द्र कुमार यादव को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत वीर आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मनीष मिश्रा ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कई महत्वपूर्ण सहयोगों की घोषणा की। उन्होंने 50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता दिया। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उनके आवास पर दो कमरों के निर्माण का पूरा दायित्व स्वयं लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सहयोग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक सामाजिक दायित्व है।

मनीष मिश्रा ने कहा कि शहीद के परिवार को भविष्य में जब भी किसी प्रकार की आवश्यकता होगी, वह हर समय उनके साथ खड़े मिलेंगे। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति यदि ऐसे परिवारों की सहायता के लिए आगे आए तो देश के वीर जवानों के परिवारों को कभी अकेलापन महसूस नहीं होगा। उन्होंने युवाओं से भी देशभक्ति, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस बीच क्षेत्र के लोगों ने भी मनीष मिश्रा की इस पहल की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना किसी राजनीतिक पद या सरकारी जिम्मेदारी के जिस प्रकार वह लगातार शिक्षा, सामाजिक सेवा और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए कार्य कर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। लोगों का मानना है कि उनकी ष्बस्ती बेस टू स्पेसष् की सोच केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज को आगे बढ़ाने का एक व्यापक अभियान बनती जा रही है।  उल्लेखनीय है कि अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर पूरे क्षेत्र की आंखें नम हो गईं थी।

पहल के मनीष मिश्रा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शहीद अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव का परिवार कभी स्वयं को अकेला महसूस नहीं करेगा और समाज का हर संवेदनशील व्यक्ति उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default