वृद्धों के सम्मान से मजबूत होती सामाजिकता : नीलम सिंह राना
बस्ती। 08 सितंबर 2026: आदर्श नगर पंचायत नगर द्वारा आयोजित 35वें योग शिविर एवं वृद्ध जन सम्मान समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीलम सिंह राना ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता की। चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड स्थित गुरुकुल ग्लोबल एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया तथा दो वृद्धजनों को सम्मानित कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा मानव समाज को दिया गया महाप्रसाद है, जो जीवनशैली को बेहतर बनाने के साथ स्वस्थ तन और प्रसन्न मन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से योग और ध्यान को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
वृद्ध जनों का सम्मान करते हुए नीलम सिंह राना ने कहा कि परिवार के बुजुर्ग हमारे लिए प्रत्यक्ष देवी-देवताओं के समान हैं। उनकी सेवा और सम्मान से न केवल उन्हें आत्मीयता मिलती है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी संस्कार, संवेदना और सामाजिकता का संदेश मिलता है।
श्रीमती राना ने बताया कि नगर देश की पहली नगर पंचायत है, जहां प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को योग दिवस एवं वृद्ध जन सम्मान समारोह का आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि नगर को देश के स्तर पर प्रतिष्ठित करना केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान 80 वर्षीय श्रीमती लाली देवी एवं 86 वर्षीय मैकू को अध्यक्ष श्रीमती नीलम सिंह राना ने माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया। इसके बाद मिष्ठान खिलाकर तिलक लगाया और आरती उतारकर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर गुरुकुल ग्लोबल एकेडमी के प्रबंधक हरिपाल निषाद, सभासद सतराम निषाद, योग शिक्षिका राजकुमारी सोनी, सुमन, राकेश शुक्ला, राजेश त्रिपाठी, राकेश पाण्डेय, रणजीत सिंह व आशीष सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह का संचालन श्रुति कुमार अग्रहरि ने किया।

