बस्ती का 161वां स्थापना दिवस 6 मई को, वशिष्ठ महोत्सव की तैयारियां शुरू; तीन दिन होंगे भव्य आयोजन
बस्ती। जनपद बस्ती के 161वें स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष भी भव्य वशिष्ठ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 5, 6 और 7 मई को तीन दिवसीय कार्यक्रम के रूप में संपन्न होगा, जिसमें खेल, गोष्ठी, सांस्कृतिक संध्या सहित विभिन्न आयोजन शामिल रहेंगे। समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
![]() |
| उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह |
यह जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने जारी एक बयान में दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 6 मई को बस्ती जनपद के स्थापना दिवस को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में प्रदेश के कई प्रसिद्ध गायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे कार्यक्रम और भी आकर्षक बनेगा। इसके साथ ही खेल प्रतियोगिताओं का भी व्यापक आयोजन किया जाएगा। खो-खो सीनियर वर्ग (बालक एवं बालिका) की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि जिला स्तर पर हैंडबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
सभी खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि महर्षि वशिष्ठ की पावन भूमि की पुनर्प्रतिष्ठा के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए। बस्ती के पौराणिक नाम “वशिष्ठि” के आधार पर जिले का नाम “वशिष्ठ नगर” किए जाने के लिए महाअभियान को भी तेज किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ का त्रेतायुगीन आश्रम अब दिव्य और भव्य मंदिर के रूप में प्रतिष्ठित हो चुका है। इस पावन धरती से विश्व में पहली बार वशिष्ठ रामायण कथा के आयोजन का गौरव भी जुड़ चुका है।
बस्ती की यह धरती मखौड़ा धाम, श्रृंगीनारी, गुरु तीर्थ वशिष्ठ धाम, हनुमान बाग चकोही, श्रीराम जानकी मार्ग और देवरहा बाबा जैसे पवित्र स्थलों के कारण सनातन परंपरा की ध्वजवाहक मानी जाती है, जिसका गौरवशाली इतिहास सर्वविदित है।
