एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में बस्ती ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने किया पौधारोपण...
बस्ती। 13 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) दानिश आजाद अंसारी ने रविवार को भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बस्ती में आयोजित "एक पेड़ माँ के नाम" वृहद वृक्षारोपण अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए सभी से इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने का आवाहन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि "वृक्ष लगाओ, पुण्य कमाओ" केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।
हर्रैया विधायक अजय सिंह ने ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धरती को हरा-भरा बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ सौ पुत्र के समान होता है", इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में राजमाता अशिमा सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, उपस्थित छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख बस्ती सदर राकेश श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।

