Basti news: आरसीसी पब्लिक स्कूल के तीन छात्रों का एमबीबीएस में चयन

Purvanchal Junctionnews
0

नीट 2026 में आरसीसी पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, तीन छात्रों का एमबीबीएस के लिए चयन


बस्ती। 18 जुलाई 2026:
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में आरसीसी पब्लिक स्कूल, बस्ती के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के तीन छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर एमबीबीएस में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है। विद्यालय के छात्र हर्ष मौर्या ने 621 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 4953 हासिल की। वहीं अभय मिश्रा ने 569 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक 8989 तथा अनुराग वर्मा ने 569 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 11574 अर्जित की। छात्रों की इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहपाठियों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रबंध निदेशक शैलेश चौधरी एवं प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने तीनों मेधावी छात्रों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने छात्रों की उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

प्रबंध निदेशक शैलेश चौधरी ने कहा कि हमारे लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है। हमारे तीन विद्यार्थियों ने नीट-2026 में शानदार सफलता हासिल कर एमबीबीएस में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है। यह उपलब्धि छात्रों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। आरसीसी पब्लिक स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाता है। हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में भी हमारे विद्यार्थी इसी तरह सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और विद्यालय, जनपद तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।"

वही प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने कहा कि छात्रों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा भविष्य में भी विद्यालय के छात्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default